Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 21 मार्च । पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के कुशल निर्देशन में जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में महिलाओं और बच्चों को सशक्त व जागरूक बनाने हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों और ग्राम सभाओं में संवाद कार्यक्रमों का आयोजन कर लिंगानुपात, लैंगिक समानता, बाल विवाह और साक्षरता जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों पर जनमानस को जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिला बीट पुलिस और एंटी रोमियो स्क्वायड की टीम ने बालिकाओं को ‘गुड टच-बैड टच’ की जानकारी देने के साथ ही आत्मरक्षा के उपाय और महिला उत्पीड़न से संबंधित विधिक अधिकारों से अवगत कराया। बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए पुलिस टीम ने महिलाओं को ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया प्राइवेसी और ओटीपी साझा न करने के संबंध में विशेष हिदायत दी। साथ ही, साइबर हेल्पलाइन 1930 और पोर्टल के उपयोग की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। महिलाओं को सुरक्षा के प्रति आश्वस्त करते हुए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों जैसे—1090 (वीमेन पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) और 1098 (चाइल्ड लाइन) के बारे में पंपलेट वितरित किए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सभी थानों में महिला हेल्पडेस्क क्रियाशील है, जहाँ महिला पुलिसकर्मी त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करती हैं। सार्वजनिक स्थलों और शिक्षण संस्थानों के पास सादे कपड़ों में तैनात एंटी रोमियो टीम द्वारा शोहदों पर कड़ी नजर रखी जा रही है, ताकि महिलाएं और बालिकाएं निर्भीक होकर अपने क्षेत्र में कार्य और शिक्षा ग्रहण कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page