Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ 20 मार्च । बाजिदपुर इलाके के ग्रामीणों के लिए खुशियों की सौगात आई है। लंबे समय से काली नदी पर पुल निर्माण की मांग कर रहे क्षेत्रवासियों की पुकार आखिरकार शासन ने सुन ली है। उत्तर प्रदेश सरकार ने 23 करोड़ रुपये की लागत से इस बहुप्रतीक्षित पुल के निर्माण को मंजूरी दे दी है। इस फैसले के बाद अब खिजरपुर, लच्छिमपुर और आरिफपुर भोगपुर समेत दर्जनों गांवों के ग्रामीणों को अलीगढ़ जाने के लिए जोखिम भरी नाव की यात्रा या 15 किलोमीटर का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।

चुनाव बहिष्कार तक की दी थी चेतावनी

विदित हो कि काली नदी पर पुल न होने के कारण ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीण अपने कृषि उत्पाद अलीगढ़ की मंडियों तक नहीं पहुंचा पा रहे थे। इस समस्या से आजिज आकर क्षेत्र की जनता ने कई बार विधानसभा चुनाव तक के बहिष्कार का ऐलान किया था। अब पुल बनने से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे और किसान अपनी फसलों को आसानी से बड़े बाजारों में बेच सकेंगे।

विधायक के प्रयासों को मिली सफलता

क्षेत्रीय विधायक वीरेंद्र सिंह राणा ने इस बड़ी उपलब्धि की जानकारी देते हुए बताया कि वे पिछले कई वर्षों से इस पुल की स्वीकृति के लिए प्रयासरत थे, जो अब फलीभूत हुए हैं। उन्होंने इस सौगात के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और लोक निर्माण राज्य मंत्री कुंवर बृजेश सिंह का आभार व्यक्त किया है। ग्रामीणों ने भी पुल की मंजूरी पर हर्ष जताते हुए इसे क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page