
हाथरस 20 मार्च । स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने जनपद में बड़ा अभियान छेड़ दिया है। हाल ही में कासगंज और आगरा में हुए सड़क हादसों से सबक लेते हुए विभाग ने अवैध रूप से संचालित हो रहे 12 स्कूली वाहनों को सीज कर दिया है। एआरटीओ लक्ष्मण प्रसाद के नेतृत्व में गठित तीन विशेष टीमों ने शहर और आसपास के इलाकों में करीब 200 स्कूली वाहनों की सघन चेकिंग की, जिससे स्कूल संचालकों और वाहन स्वामियों में हड़कंप मच गया।
बिना फिटनेस और जर्जर हालत में ढोए जा रहे थे नौनिहाल
जांच के दौरान एआरटीओ ने स्वयं वाहनों के फर्श, बॉडी की मजबूती और सीटिंग अरेंजमेंट को परखा। इस दौरान दो ऐसे वाहन भी पकड़े गए जिनके पास वैध फिटनेस प्रमाणपत्र तक नहीं था, जिन्हें मौके पर ही सीज कर दिया गया। विभागीय अधिकारियों ने पाया कि कई स्कूलों में निजी वाहनों का उपयोग व्यवसायिक रूप से बच्चों को लाने-ले जाने के लिए किया जा रहा था, जो कि नियमों का सीधा उल्लंघन है। कई वाहनों की हालत इतनी जर्जर थी कि वे कभी भी बड़े हादसे का सबब बन सकते थे।
सुरक्षा मानकों पर कोई समझौता नहीं: एआरटीओ
एआरटीओ लक्ष्मण प्रसाद ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि बच्चों की जान जोखिम में डालकर वाहन चलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि यह विशेष चेकिंग अभियान आगामी 30 मार्च तक लगातार जारी रहेगा। इस दौरान स्कूलों को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि वे केवल मान्यता प्राप्त और सभी सुरक्षा मानकों (जैसे फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र और वैध दस्तावेज) को पूरा करने वाले वाहनों का ही उपयोग करें।

























