Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 20 मार्च । शहर की लाइफलाइन कहे जाने वाले तालाब चौराहा ओवरब्रिज पर लगने वाले भीषण जाम से अब जनता को स्थायी निजात मिल सकेगी। जिलाधिकारी अतुल वत्स के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग (PWD) ने ओवरब्रिज के चौड़ीकरण के लिए विस्तृत सर्वे शुरू कर दिया है। जल्द ही इसकी रिपोर्ट तैयार कर शासन और पूर्वोत्तर रेलवे को भेजी जाएगी।

जाम में फंसे वीआईपी, तब बनी योजना

गौरतलब है कि पिछले दिनों ओवरब्रिज पर लगे लंबे जाम में खुद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक का काफिला फंस गया था। घंटों मशक्कत के बाद रास्ता साफ हो सका, जिसके बाद प्रशासन को इस संकरे ओवरब्रिज के चौड़ीकरण की सख्त जरूरत महसूस हुई। वर्तमान में वाहनों का दबाव इतना अधिक है कि व्यस्त समय में यहाँ वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं, जिससे एम्बुलेंस और स्कूली बसें भी फंस जाती हैं।

रेलवे और पीडब्ल्यूडी मिलकर बनाएंगे खाका

चूंकि ओवरब्रिज का मध्य हिस्सा रेलवे की सीमा में आता है, इसलिए पीडब्ल्यूडी की टीम सर्वे के दौरान रेलवे फाटकों के ट्रैफिक दबाव और आसपास की भौगोलिक स्थिति का आकलन कर रही है। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर रेलवे से अनुमति ली जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया कि शहर के विकास और सुगम यातायात के लिए इस ओवरब्रिज को चौड़ा करना प्राथमिकता में है।

फाटक खराब होते ही थम जाती है शहर की रफ्तार

शहर में रेलवे ट्रैक पार करने के लिए बागला कॉलेज रोड, बिजली कॉटन मिल और इगलास रोड जैसे प्रमुख फाटक हैं। इनमें से किसी एक के भी तकनीकी रूप से खराब होने पर सारा ट्रैफिक ओवरब्रिज पर डाइवर्ट हो जाता है। संकरा होने के कारण यहाँ वाहन आपस में उलझ जाते हैं। इसके अलावा, सर्विस रोड पर मुड़ते समय गोल चक्कर न होने से भी ढलान पर दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page