Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ (हसायन) 30 मार्च । मोहल्ला किला खेड़ा स्थित प्राचीन हनुमान जी महाराज मंदिर परिसर में सर्राफा व्यापारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापारिक हितों के संरक्षण और ग्राहकों के साथ बेहतर सामंजस्य स्थापित करने के उद्देश्य से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें सर्वसम्मति से बसंत कुमार वर्मा उर्फ पिंटू वर्मा को अध्यक्ष चुना गया। इसके अलावा संदीप गुप्ता को महामंत्री और नवनीत अग्रवाल को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि सोने-चांदी के आभूषणों की खरीद-फरोख्त या गिरवी रखने से पहले व्यापारी पूरी छानबीन करेंगे। संबंधित व्यक्ति के फोटो, वीडियो और साक्ष्य सुरक्षित रखे जाएंगे ताकि भविष्य में किसी प्रकार की विधिक समस्या न हो। व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी ग्राहक का उत्पीड़न या शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ब्याज दरों में भी एकरूपता रखी जाएगी। यदि कोई ग्राहक समय पर ब्याज नहीं दे पाता है, तो आपसी सहमति और निर्धारित नियमों के आधार पर ही वसूली की जाएगी। संगठन ने अनुशासन बनाए रखने के लिए प्रत्येक माह के पहले और तीसरे रविवार को पूर्ण बंदी का निर्णय लिया है। इस दौरान दुकान खोलना तो दूर, पूजा-अर्चना के लिए भी शटर उठाना वर्जित रहेगा। नियम का उल्लंघन करने वाले व्यापारी पर 11 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया जाएगा। आपात स्थिति में दुकान खोलने के लिए कमेटी को सूचित करना होगा और पांच व्यापारियों की मौजूदगी में ही प्रतिष्ठान खोला जा सकेगा।

संगठन को मजबूती प्रदान करने के लिए प्रत्येक व्यापारी को प्रतिमाह 500 रुपये का अंशदान कोषाध्यक्ष के पास जमा करना होगा। यह भुगतान गूगल पे या फोन पे के माध्यम से डिजिटल रूप में भी किया जा सकेगा। पदाधिकारियों ने हुंकार भरते हुए कहा कि किसी भी सर्राफा व्यापारी का प्रशासनिक या अन्य स्तर पर उत्पीड़न कतई सहन नहीं किया जाएगा। बैठक में मुख्य रूप से विनय अग्रवाल, पप्पू बघेल, निशांत वर्मा, पवन वर्मा, गिरीश वर्मा, टीटू भगत, किशन वर्मा, सुदीप वर्मा, सुशील गुप्ता, नीशू गुप्ता, टिंकू गुप्ता, संजय वर्मा, अनमोल गुप्ता, दिनेश शर्मा, अमित भारद्वाज, रवि दिवाकर, चेतन गुप्ता सहित कुल 29 पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page