Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 30 मार्च । चार दिन के लगातार अवकाश के बाद सोमवार को सादाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की ओपीडी खुलते ही मरीजों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दुर्गा अष्टमी, रामनवमी, शनिवार और रविवार के अवकाश के कारण ओपीडी बंद थी। सुबह से ही पर्चा काउंटर पर लंबी कतारें लग गईं, जो दवा वितरण कक्ष तक फैली हुई थीं। अस्पताल परिसर में दिनभर भारी भीड़ और अव्यवस्था का माहौल रहा। लगातार चार दिनों तक सीएचसी ओपीडी बंद रहने के कारण मरीजों को निजी चिकित्सकों से इलाज कराना पड़ा था। ओपीडी खुलते ही क्षेत्र के ग्रामीण और शहरी मरीज बड़ी संख्या में इलाज के लिए सीएचसी पहुंचे। मरीजों को पर्चा बनवाने, डॉक्टर से परामर्श लेने और दवा प्राप्त करने के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।चिकित्सकों के अनुसार, सोमवार को सर्वाधिक मरीज सर्दी, जुकाम, खांसी और बुखार से पीड़ित पाए गए। मौसम में लगातार बदलाव के कारण वायरल संक्रमण के मामलों में वृद्धि देखी जा रही है। डॉक्टरों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक दवाएं लिखीं और उन्हें सावधानी बरतने की सलाह दी। कुछ मरीज कई दिनों से तेज बुखार और लगातार खांसी से परेशान थे। ऐसे मरीजों की रक्त जांच भी कराई गई। रिपोर्ट के आधार पर चिकित्सकों ने दवाएं दीं और कुछ मरीजों को दोबारा जांच व फॉलो-अप के लिए बुलाया गया। मरीजों की अत्यधिक भीड़ को देखते हुए अस्पताल प्रशासन को अतिरिक्त व्यवस्थाएं करनी पड़ीं। ओपीडी में दबाव बढ़ने पर अतिरिक्त चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई गई। अस्पताल में सुबह से दोपहर तक सर्वाधिक भीड़ रही। पर्चा काउंटर, ओपीडी कक्ष, पैथोलॉजी और दवा वितरण केंद्र पर मरीजों की लंबी कतारें लगी रहीं। भीड़ के कारण कई बुजुर्गों और महिलाओं को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page