
हाथरस 20 मार्च । कोटा रोड स्थित बलदेव नगर निवासी पीड़ित वीरेंद्र पाराशर और उनकी पत्नी ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी मेहनत की कमाई बरामद नहीं हुई, तो वे आत्मदाह कर लेंगे। विदित हो कि बीती 15 फरवरी को चोरों ने वीरेंद्र पाराशर के सूने मकान को निशाना बनाया था। शातिर चोरों ने घर के ताले चटकाकर लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया था। घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, लेकिन एक महीना बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ पूरी तरह खाली हैं। पीड़ित परिवार का कहना है कि इस चोरी ने उनकी कमर तोड़ दी है और वे अब आर्थिक रूप से पूरी तरह बर्बाद हो चुके हैं। पीड़ित परिवार का आरोप है कि वे न्याय की गुहार लेकर लगातार थाने और चौकी के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन पुलिस की ओर से केवल आश्वासन ही मिल रहा है। अब पीड़ित दंपत्ति ने अंतिम रास्ता चुनते हुए आत्मदाह की घोषणा की है।

























