Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 20 मार्च । दहेज की वेदी पर एक और बेटी की बलि चढ़ाने की कोशिश का रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। थाना मुरसान क्षेत्र के गांव सुरतिया निवासी लव कुमार ने पुलिस अधीक्षक (SP) को तहरीर देकर अपनी बहन तुलसी के साथ हुए अमानवीय अत्याचार की गुहार लगाई है। आरोप है कि ससुरालियों ने विवाहिता को बेरहमी से पीटने के बाद अधमरी हालत में उसके मायके के गांव के बाहर सड़क किनारे फेंक दिया और फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, तुलसी का विवाह वर्ष 2020 में सहपऊ क्षेत्र के गांव नगला मोजी निवासी हरेंद्र सिंह के साथ हुआ था। भाई लव कुमार का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति हरेंद्र और अन्य ससुरालीजन दहेज की मांग को लेकर तुलसी को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे थे। कई बार समझाने के बावजूद उनकी प्रताड़ना कम नहीं हुई।

16 मार्च की रात हुई दरिंदगी

परिजनों के मुताबिक, बीती 16 मार्च को प्रताड़ना की सारी हदें पार हो गईं। पति और ससुराल वालों ने तुलसी को लाठी-डंडों से लहूलुहान कर दिया। जब वह बेसुध हो गई, तो आरोपी उसे गाड़ी में लादकर रात के अंधेरे में मुरसान के गांव सुरतिया (मायके) के बाहर फेंक गए। सुनसान रास्ते पर तुलसी की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर दौड़े और उसे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी पति हरेंद्र सिंह और अन्य ससुरालियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और विवाहिता को उचित न्याय दिलाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page