सिकंदराराऊ (हसायन) 20 मार्च । विकासखंड क्षेत्र के कस्बा व ग्रामीण अंचलों में आज ‘जुमा अलविदा’ की नमाज इस्लामिक रीति-रिवाजों और पूरी अकीदत के साथ अदा की गई। ईद-उल-फितर की पूर्व संध्या पर आयोजित इस विशेष नमाज में रोजेदारों और अकीदतमंदों ने भारी संख्या में शिरकत की और बारगाह-ए-इलाही में सिर झुकाकर मुल्क व समाज में अमन-चैन और तरक्की की दुआ मांगी। कस्बा के मोहल्ला शीशग्रान स्थित जामा मस्जिद में इमाम फरीद निजामी, मोहल्ला कोलियान खुर्द स्थित रजा मस्जिद में इमाम अकबर अली और नूरी मस्जिद (कुरैशियान) में इमाम खलील खां ने कुरान-ए-पाक की रोशनी में जुमा अलविदा की नमाज संपन्न कराई। इसके अलावा देहात क्षेत्र के गांव कानऊ, हैथा रघुनाथपुर, नगरिया पट्टी देवरी, असोई, फतेहपुर बझेडा, सूसामई, धुबई और बकायन की मस्जिदों में भी इमामों ने नमाज अदा कराई। धुबई में हाफिज जफर अली, नगरिया पट्टी देवरी में मोहम्मद अली और हैथा रघुनाथपुर में मोहम्मद तहजीब ने मुल्क की खुशहाली के लिए हाथ फैलाकर दुआएं मांगीं। संवेदनशील अवसर को देखते हुए कोतवाली पुलिस महकमा पूरी तरह सतर्क नजर आया। कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर गिरीश चन्द्र गौतम ने खुद मोर्चा संभालते हुए कस्बा के मुस्लिम बाहुल्य मुहल्लों और मस्जिदों का भ्रमण किया। उन्होंने मस्जिदों के इमामों और हाफिजों से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। कस्बा के साथ-साथ सलेमपुर और जरेरा पुलिस चौकी के सुरक्षाकर्मी भी अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहे, जिससे नमाज शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सकी।