
हाथरस 30 मार्च । श्री रामेश्वर दास अग्रवाल कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सोमवार को पुरातन छात्र संघ के तत्वावधान में भव्य पुरातन छात्र सम्मेलन एवं स्वास्थ्य परीक्षण कैंप का आयोजन किया गया। प्राचार्या प्रो. सुषमा यादव के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं का रक्त एवं दंत परीक्षण किया गया, साथ ही सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। मुख्य अतिथि स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. निर्मला यादव ने छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर, एनीमिया और अन्य गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक करते हुए उनके बचाव व उपचार पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं को अपने क्लिनिक पर निःशुल्क परामर्श देने की घोषणा की और कॉलेज की कंप्यूटर लैब के लिए 11,000 रुपये का सहयोग प्रदान किया। विशिष्ट अतिथि श्रीमती कैसर जहां ने छात्राओं को माहवारी स्वच्छता और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
अध्यक्षीय संबोधन में प्रो. सुषमा यादव ने छात्राओं को कॉलेज के विकास में योगदान देने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने घोषणा की कि अटल स्किल योजना के अंतर्गत महाविद्यालय में तीन नए पाठ्यक्रम शुरू किए जा रहे हैं, जिससे छात्राएं कौशल विकास कर रोजगार प्राप्त कर सकेंगी। शिविर के दौरान बागला जिला अस्पताल की टीम (डॉ. इंदु, डॉ. मधुसूदन शर्मा, डॉ. संतोष कुमार और श्री अजीत) ने छात्राओं का ब्लड ग्रुप और हीमोग्लोबिन परीक्षण किया। कार्यक्रम के दौरान डॉ. भावना गुप्ता ने चैती गायन, कु. सुषमा शर्मा ने गजल और श्रीमती कुसुम लता वार्ष्णेय ने भजनों की प्रस्तुति दी। पुरातन छात्र संघ की उपाध्यक्ष रूबी गोयल और नीतू बंसल ने आकर्षक नृत्य पेश किया। वहीं, कु. अंजली शर्मा ने शहीदों पर कविता और कु. परिधि व तृप्ति वर्मा ने नृत्य के माध्यम से प्रतिभा दिखाई। कार्यक्रम का संचालन डॉ. शालिनी शर्मा ने किया और अंत में पूर्व प्राचार्या प्रो. मीता कौशल ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर भारी संख्या में पुरातन छात्राएं और शिक्षक उपस्थित रहे।

























