
हाथरस 30 मार्च । कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला आजीविका मिशन क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण समिति की बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि ग्रामीण महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक की अध्यक्षता करते हुए सीडीओ ने बताया कि भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा संचालित ‘लखपति महिला कार्यक्रम’ के तहत आगामी तीन वर्षों में दीनदयाल अन्त्योदय योजना राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़े स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों की वार्षिक पारिवारिक आय को सुनियोजित ढंग से एक लाख रुपये या उससे अधिक करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने जानकारी दी कि उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से जनपद हाथरस में कुल 9715 समूह सदस्यों को ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य निर्धारित है। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए उन्होंने समस्त विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने विभागों की आय सृजन वाली योजनाओं की जानकारी समूह की महिलाओं तक पहुँचाएं और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर लाभान्वित करें ताकि उनकी आजीविका के स्थायी स्रोत सृजित हो सकें। बैठक में जिला विकास अधिकारी, उपायुक्त (स्वतः रोजगार), जिला ग्रामोद्योग अधिकारी, अग्रणी जिला प्रबन्धक, सभी खण्ड विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


























