Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 20 मार्च । बागला कॉलेज द्वारा दयानातपुर स्थित योग वेदांत आश्रम में आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के विशेष शिविर के तीसरे दिन शुक्रवार को नारी सशक्तिकरण और दहेज उन्मूलन का संदेश गूंजा। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य प्रो. (डॉ.) महावीर सिंह छोंकर ने दहेज प्रथा को एक गंभीर सामाजिक अभिशाप बताया। उन्होंने उपस्थित युवाओं से दहेज मुक्त विवाह का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि नारी शक्ति का सम्मान और सशक्तिकरण ही एक उन्नत समाज की पहचान है। शिविर का संचालन एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर्स डॉ. विनय कुमार वर्मा एवं डॉ. ऋषिकांत के कुशल नेतृत्व में किया जा रहा है। विशिष्ट अतिथि डॉ. नीरज गोयल ने अपने संबोधन में संस्कारों और नारी सशक्तिकरण को अनुभवजन्य ज्ञान के माध्यम से साझा किया। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि वास्तविक सशक्तिकरण केवल नारों से नहीं, बल्कि व्यवहारिक जीवन में नैतिक मूल्यों के पालन से संभव है। वहीं प्रो. डॉ. के. एन. त्रिपाठी एवं डॉ. देवेन्द्र कुमार ने सामाजिक सुधार और अनुशासन बनाए रखने में युवाओं की महती भूमिका पर प्रकाश डाला। इस दौरान पूजा सारस्वत, विमल और राहुल सहित सभी स्वयंसेवकों ने समाज को जागरूक करने और दहेज जैसी कुरीतियों को जड़ से समाप्त करने की सामूहिक शपथ ली। कार्यक्रम में स्वयंसेवकों का उत्साह देखते ही बनता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page