
हाथरस 20 मार्च । शासन के आदेश और जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में आगामी त्योहार नवरात्रि व ईद के दृष्टिगत आम जनमानस को सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने हेतु मिलावटखोरों के विरुद्ध विशेष अभियान छेड़ दिया गया है। सहायक आयुक्त (खाद्य) रणधीर सिंह एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में गठित टीम ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में सघन छापेमारी की। इस दौरान आगरा रोड स्थित गोपाल जनरल स्टोर से ‘महेश’ ब्रांड समा चावल, मुरसान के अमन ट्रेडर्स से सेंधा नमक और सादाबाद के वीएस प्रोविजन स्टोर से कुट्टू के आटे का नमूना संदेह के आधार पर जांच हेतु लिया गया। इसके साथ ही सिकंदराराऊ में राधे स्वीट्स से पनीर, सादाबाद में अर्धसैनिक बल कैंटीन से अरहर दाल, सब्जी मंडी स्थित रोहित प्रोविजन स्टोर से मूंग धुली दाल, सैफऊ में दिनेश की डेयरी से पनीर, मुरसान में अमन प्रोविजन स्टोर से अजंता फूड कलर और मथुरा रोड स्थित राघव ट्रेडर्स से मोहनी चाय के नमूने संकलित कर प्रयोगशाला भेजे गए हैं। विभाग की ‘फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स’ (FSW) मोबाइल लैब के माध्यम से जंक्शन, सलेमपुर, रति का नगला और पंत चौराहे पर दूध की मिठाइयों, दही, बेसन के लड्डू और मसालों की मौके पर ही जांच की गई। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित खाद्य कारोबारियों को कमियों से अवगत कराया गया और जागरूकता कार्यक्रम के तहत आम नागरिकों को मिलावट के विरुद्ध जागरूक किया गया। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी यदुवीर सिंह, करतार सिंह, डॉ. विकास और ओमकार कुशवाहा शामिल रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नमूनों की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद दोषियों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी और यह निरीक्षण अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा।
























