
सासनी 30 मार्च । छहढाला के रचयिता पंडित दौलतराम जी की पुण्यभूमि सासनी में सोमवार को भगवान महावीर का जन्मोत्सव अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। सुबह से ही नगर का वातावरण भक्तिमय हो उठा और जगह-जगह महावीर स्वामी के जयकारे गूंजते रहे। प्रातः काल जैन मंदिरों में विशेष पूजन-अभिषेक, शांतिधारा एवं विधान का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। मंदिरों को आकर्षक फूलों और रोशनी से सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक आभा से भर गया। इसके पश्चात नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें भगवान महावीर की सुंदर झांकियां सजाई गईं। शोभायात्रा में पुरुष, महिलाएं और बच्चे पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए और भजन-कीर्तन करते हुए पूरे नगर का भ्रमण किया। बैंड-बाजों और ढोल-नगाड़ों के साथ यात्रा ने पूरे सासनी को उत्सवमय बना दिया।
शोभायात्रा का उद्घाटन अतुल जैन एवं अंजय जैन परिवार द्वारा किया गया, जबकि ध्वजारोहण डॉ. दीपक जैन परिवार द्वारा संपन्न हुआ। कुबेर के रूप में सर्वेश जैन, भगवान के सारथी के रूप में राजेश जैन तथा रथ में प्रभु को विराजित करने का सौभाग्य राजेश जैन परिवार को प्राप्त हुआ। सौधर्म इंद्र की भूमिका मनोज जैन ने निभाई, वहीं सनत कुमार इंद्र के रूप में विनय जैन उपस्थित रहे। भगवान के माता-पिता बनने का सौभाग्य श्यामसुंदर जैन एवं सरोज जैन को मिला तथा कलश महिला के रूप में ममता जैन ने सहभागिता की।

इस अवसर पर वक्ताओं ने भगवान महावीर के सिद्धांत अहिंसा, सत्य, अपरिग्रह और तप पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में इन आदर्शों का पालन समाज को शांति और समृद्धि की ओर ले जा सकता है। उन्होंने सभी से महावीर स्वामी के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान जगह-जगह जलपान एवं प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की गई। सामाजिक संगठनों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर आयोजन में सहयोग दिया। पूरे आयोजन ने सासनी की धार्मिक और सांस्कृतिक एकता को दर्शाते हुए यह संदेश दिया कि भगवान महावीर के उपदेश आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने प्राचीन काल में थे। समारोह में सकल जैन समाज ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर शोभायात्रा संयोजक अतुल जैन, विपिन जैन, शोभायात्रा अध्यक्ष राहुल जैन, उपाध्यक्ष विनय जैन, मंत्री शोभित जैन एवं यश लुहाड़िया, कोषाध्यक्ष सर्वेश जैन एवं विनय जैन, मीडिया प्रभारी अम्बुज जैन, भोजन व्यवस्था प्रभारी मनोज जैन एवं अभिषेक जैन, जैन समाज सासनी के अध्यक्ष शैलेंद्र जैन, उपाध्यक्ष विपुल लुहाड़िया, महामंत्री अंजय जैन, जैन समाज महिला मंडल सासनी तथा सकल दिगंबर जैन समाज सासनी के सदस्यगण उपस्थित रहे।


























