
हाथरस 20 मार्च । श्री रामेश्वर दास अग्रवाल कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई प्रथम द्वारा ग्राम धन सिंह नगला स्थित जी.पी.एस इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के पांचवें दिन योग और भजनों की गूंज रही। कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ललितेश तिवारी एवं स्वयंसेविकाओं द्वारा माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। शिविर के सुबह के सत्र में छात्राओं को विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया गया। इसमें सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, उत्तानपाद आसन, भुजंगासन, पद्मासन, वज्रासन, पश्चिमोत्तानासन, हलासन, सर्वांगासन, चक्रासन, शवासन और वृक्षासन जैसे महत्वपूर्ण आसन शामिल रहे। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ललितेश तिवारी ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शारीरिक शिथिलता दूर करने और स्वस्थ जीवन जीने के लिए योगाभ्यास को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना अनिवार्य है। बौद्धिक सत्र के दौरान “भजन प्रतियोगिता” का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने अपनी सुरीली प्रस्तुतियों से भक्तिमय माहौल बना दिया। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुमकुम शर्मा (बीए प्रथम वर्ष) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अनु (बी.कॉम प्रथम वर्ष) द्वितीय और अनुष्का शर्मा (बीए प्रथम वर्ष) तृतीय स्थान पर रहीं।
इनकी रही उपस्थिति
कार्यक्रम के सफल संचालन में एनएसएस सदस्य अजय शर्मा, नरेंद्र सिंह नेगी और मूलचंद का विशेष सहयोग रहा। सभी स्वयंसेविकाओं ने शिविर स्थल पर सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश भी दिया। अंत में सभी प्रतिभागियों को जलपान वितरित किया गया।

























