
हाथरस 20 मार्च । कलेक्ट्रेट कार्यालय कक्ष में कौशल विकास मिशन के अंतर्गत संचालित दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना (डीडीयू-जीकेवाई), एसएसडीएफ एवं प्रोजेक्ट प्रवीण की प्रगति को लेकर प्रशिक्षण प्रदाताओं/पीआईए के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी अतुल वत्स ने की। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी प्रशिक्षण प्रदाताओं को निर्देशित किया कि निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण सुनिश्चित करते हुए समयबद्ध तरीके से लक्ष्य पूर्ण किए जाएं। उन्होंने अनुदानित विद्यालयों में आवंटित लक्ष्यों के सापेक्ष शीघ्र प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने तथा समयानुसार बैच गठन कर प्रशिक्षण प्रक्रिया प्रारंभ करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण की गुणवत्ता, प्रशिक्षणार्थियों की उपस्थिति, प्लेसमेंट एवं मॉनिटरिंग पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण का लाभ मिल सके।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला समन्वयक, एमआईएस मैनेजर, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर, कंप्यूटर ऑपरेटर सहित विभिन्न प्रशिक्षण प्रदाता/पीआईए उपस्थित रहे।

























