
हाथरस 19 मार्च । ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर अनजान लोगों से दोस्ती करना एक युवक को भारी पड़ गया। सादाबाद के बालाजी नगर निवासी आदित्य चौधरी को डिस्कोर्ड आईडी के जरिए दोस्ती के जाल में फंसाकर एक जालसाज ने 70 हजार रुपये की ठगी कर ली। आरोपी ने पीड़ित को यूएसडीटी (USDT) कॉइन खरीदने का झांसा देकर रकम अपने खाते में ट्रांसफर करा ली और बाद में नंबर ब्लॉक कर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित आदित्य चौधरी ने पुलिस को बताया कि जुलाई 2025 में ‘सुभांकर चटर्जी’ नामक व्यक्ति ने डिस्कोर्ड आईडी के जरिए उनसे संपर्क किया था। इसके बाद लगातार फोन पर बात कर उसने आदित्य का भरोसा जीत लिया। आरोपी ने उसे क्रिप्टो करेंसी (USDT कॉइन) में निवेश करने और मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया। झांसे में आकर आदित्य ने 26 और 27 नवंबर 2025 को कुल 70 हजार रुपये सुभांकर के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए। रुपये मिलने के बाद आरोपी टालमटोल करने लगा और न तो कॉइन भेजे और न ही पैसे वापस किए। हद तो तब हो गई जब 31 दिसंबर 2025 को आरोपी ने पीड़ित का नंबर ब्लॉक कर दिया। ठगी का अहसास होने पर आदित्य ने सादाबाद थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद गुरुवार को नामजद आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब साइबर सेल की मदद से आरोपी की तलाश में जुट गई है।
























