Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 19 मार्च । जिले में एक हृदयविदारक सड़क हादसे में बेसिक शिक्षा विभाग के एक सहायक अध्यापक की सामयिक मृत्यु हो गई, जबकि उनकी पत्नी और दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा गुरुवार को हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव लाड़पुर तिराहे के पास उस वक्त हुआ, जब सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में शिक्षक की बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। मृतक विनोद कुमार (मूल निवासी गांव ग्वारऊ, वर्तमान निवासी वैष्णो धाम कॉलोनी) हसायन ब्लॉक के पूर्व माध्यमिक विद्यालय ढड़ौली में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात थे। जानकारी के अनुसार, विनोद अपने पैतृक गांव ग्वारऊ में चाचा के यहाँ आयोजित देवी जागरण में सम्मिलित होने गए थे। गुरुवार को वह अपनी पत्नी प्रीती, बेटे प्रियांश और बेटी यशवी के साथ बाइक से वापस हाथरस लौट रहे थे। लाड़पुर तिराहे के समीप अचानक सामने से आए एक वाहन को बचाने के चक्कर में उनकी बाइक सीधे पेड़ से जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुँची पुलिस ने चारों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुँचाया, जहाँ चिकित्सकों ने विनोद कुमार को मृत घोषित कर दिया। पत्नी और दोनों बच्चों का उपचार जारी है। शिक्षक की मौत की खबर फैलते ही शिक्षा विभाग और उनके परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। पोस्टमार्टम हाउस पर बड़ी संख्या में शिक्षक और रिश्तेदार ढांढस बंधाने पहुँचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page