Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ (हसायन) 19 मार्च । चैत्रीय नवसंवत्सर के पावन अवसर पर कस्बे के बांण अब्दुलहईपुर मार्ग स्थित मोहल्ला किशन के प्राचीन श्रीबलभद्र दाऊजी महाराज एवं दाऊ बाबा रेवती मैया के दरबार में दस दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का विधिवत शुभारंभ हो गया है। श्री महाकाल युवा कमेटी के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव के पहले दिन मां भगवती के लघु स्वरूप की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिससे संपूर्ण क्षेत्र भक्ति के रंग में सराबोर हो गया। नगर भ्रमण के दौरान श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर माता रानी की आरती उतारी और जयकारों से वातावरण गुंजायमान कर दिया। शोभायात्रा के उपरांत आचार्य पंडित अर्पित दीक्षित व कृष्ण मुरारी दीक्षित ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हवन-यज्ञ संपन्न कराया। प्राचीन पौराणिक परंपरा के अनुसार दुर्गा सप्तशती का पाठ कर घृत, पंचामृत और विशेष पूजन सामग्री की आहुतियां दी गईं, जिसके पश्चात विधि-विधान से माता की प्रतिमा स्थापित की गई। श्री महाकाल युवा कमेटी के अध्यक्ष कौशल शर्मा, कोषाध्यक्ष मुकुल शर्मा और महामंत्री कृष्णा चौहान ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि 21 मार्च को सुंदरकांड, 25 मार्च को दिल्ली के कलाकारों द्वारा भव्य जागरण, 26 मार्च को फूलों की होली और 27 मार्च को मां महाकाली की शोभायात्रा निकाली जाएगी। महोत्सव का समापन 28 मार्च को भव्य मूर्ति विसर्जन शोभायात्रा के साथ होगा। इस दौरान चारूल सिंह सहित कमेटी के समस्त पदाधिकारी व भक्तगण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page