Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ (हसायन) 19 मार्च । चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि, गुरुवार 19 मार्च को नवसंवत्सर के साथ ही शक्ति की उपासना का महापर्व चैत्र नवरात्रि हर्षोल्लास के साथ शुरू हो गया। विकासखंड क्षेत्र के कस्बे से लेकर देहात तक भोर की पहली किरण के साथ ही वातावरण ‘जय माता दी’ के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। भक्तों ने वैदिक सनातन धर्म की प्राचीन पौराणिक परंपरा के अनुसार मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप माता शैलपुत्री का विधि-विधान से पूजन किया। सुबह से ही क्षेत्र के देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लग गया, जहाँ भक्तों ने मां पराम्बा का जल और दुग्ध से अभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की। घरों में भी भक्तों ने घट स्थापना कर अखंड ज्योति प्रज्वलित की। पारंपरिक रूप से गाय के गोबर से बने उपले की अग्यारी (हवन) कर उसमें घृत, लौंग, कपूर, गूगल और बतासे अर्पित कर मां की आरती उतारी गई। मंदिरों में घंटे-घड़ियालों की गूंज और दुर्गा चालीसा के पाठ से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो गया है। श्रद्धा और उल्लास का यह क्रम भोर से लेकर देर शाम तक जारी रहा। नवरात्र के पहले दिन माता के दरबार में माथा टेकने के लिए श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page