Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 19 मार्च । आगामी नवरात्रि और ईद के त्यौहारों के दृष्टिगत शासन के आदेश और जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के विरुद्ध विशेष अभियान छेड़ दिया है। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में टीम ने जनपद की विभिन्न तहसीलों और बाजारों में ताबड़तोड़ छापेमारी कर खाद्य पदार्थों के संदिग्ध नमूने एकत्रित किए। सिकंद्राराऊ तहसील में महाकालेश्वर ट्रेडिंग कंपनी से कॉर्नफ्लेक्स व पंजाबी मिक्सचर, कमल मिष्ठान भंडार व देवेंद्र मिष्ठान भंडार से खोया तथा पंत चौराहा स्थित भारद्वाज किराना स्टोर से कुट्टू के आटे के नमूने लिए गए। सादाबाद क्षेत्र में अग्रवाल स्वीट्स व राजेश मिष्ठान भंडार से खोया, रामनिवास व भोला डेरी से घी तथा सीताराम कन्फेक्शनरी से नमकीन के सर्वे नमूने लिए गए। शहर क्षेत्र में भी कार्रवाई जारी रही, जहाँ चक्की बाजार स्थित गंगा मिल्क डेरी से A2 बफेलो देसी घी और सासनी गेट स्थित श्री श्याम ट्रेडर्स से हल्दीराम के उत्पादों के नमूने लिए गए। विभाग की मोबाइल लैब ‘फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स’ (FSW) के माध्यम से तालाब चौराहा पर दालों, मसालों और मिठाइयों की मौके पर ही जांच कर दुकानदारों को आवश्यक निर्देश दिए गए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी नमूनों को प्रयोगशाला भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी यदुवीर सिंह, करतार सिंह और पारुल सिंह शामिल रहे। अधिकारियों के अनुसार, आम जनमानस को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने हेतु यह छापामार अभियान निरंतर जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page