
हाथरस 19 मार्च । जनपद में 17 से 20 मार्च तक चलने वाली चार दिवसीय जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता के तीसरे दिन गुरुवार को जूनियर बालिका वर्ग में कबड्डी, वॉलीबॉल, हैण्डबॉल और बास्केटबॉल प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ दिल्ली पब्लिक स्कूल के स्टेट ऑफिसर श्री अमरदीप सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस अवसर पर जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी सुश्री स्मृति गौतम ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। अतिथियों का स्वागत उपक्रीड़ा अधिकारी काशी नरेश यादव द्वारा किया गया। प्रतियोगिता के कड़े मुकाबलों में बास्केटबॉल और वॉलीबॉल दोनों ही स्पर्धाओं में पावना फाउंडेशन की टीम विजेता रही, जबकि दिल्ली पब्लिक स्कूल हाथरस को उपविजेता के रूप में संतोष करना पड़ा। वहीं, हैण्डबॉल प्रतियोगिता में दिल्ली पब्लिक स्कूल हाथरस ने बाजी मारते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया और पावना फाउंडेशन उपविजेता रही। कबड्डी के फाइनल मुकाबले में उड़ान एकेडमी हाथरस ने स्टेडियम की टीम को हराकर खिताबी जीत दर्ज की। इस दौरान कीर्ति वेंकेटेश, मीना उपाध्याय, राखी, असलम खां और दीपा सहित खेल जगत के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रतियोगिता को निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने में बलवीर सिंह, अजयवीर सिंह, अंसार हुसैन, वर्षा रानी और अन्य निर्णायकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।






















