
सिकंदराराऊ 19 मार्च । कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत बुधवार शाम बेखौफ बदमाशों ने एक ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) संचालक को अपना निशाना बनाते हुए करीब ढाई लाख रुपये की नगदी और अन्य सामान लूट लिया। वारदात उस समय हुई जब ग्राम टटी डंडिया निवासी अमित कुमार (पुत्र मेघ सिंह), जो मोहनपुरा में ‘जय मां अंबे ग्राहक सेवा केंद्र’ का संचालन करते हैं, दिनभर का कामकाज निपटाकर अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। पीड़ित के अनुसार, शाम करीब 7 बजे कला बंबा के पास पीछे से आ रही एक सफेद स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक में जानबूझकर दो-तीन बार टक्कर मारी। सड़क पर गिरते ही गाड़ी से उतरे 3-4 नकाबपोश बदमाशों ने अमित को घेर लिया और अवैध असलाह के बल पर आतंकित किया। बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और बैग में रखे ₹2.5 लाख नकद, कैश निकासी मशीन व अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो गए। चौंकाने वाली बात यह है कि घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर अगसौली पुलिस चौकी स्थित है, फिर भी बदमाश आसानी से भागने में सफल रहे। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। कोतवाली प्रभारी शिव कुमार शर्मा ने बताया कि बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस ने दावा किया है कि मामले का खुलासा जल्द कर लिया जाएगा।


























