Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ (हसायन) 18 मार्च । उत्तर प्रदेश सरकार के ‘नव-निर्माण’ के नौ वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को विकासखंड कार्यालय के सभागार परिसर में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सरकार की उपलब्धियों को गिनाया गया और जन-कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद किया गया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं ब्लॉक प्रमुख धर्मेंद्र पाल सिंह ‘पीलू भैया’ ने फीता काटकर किया। अपने संबोधन में ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश सरकार ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी और पात्र व्यक्तियों से इन योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के तहत ब्लॉक क्षेत्र में संचालित विभिन्न स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा कार्यक्रम स्थल पर प्रदर्शनी लगाई गई। महिलाओं ने अपने हाथों से तैयार किए गए विभिन्न उत्पादों के स्टॉल लगाए और उनके निर्माण व विपणन की जानकारी साझा की। ब्लॉक प्रमुख और अधिकारियों ने इन उत्पादों की सराहना करते हुए महिलाओं के स्वावलंबन को महिला सशक्तिकरण का प्रतीक बताया।

खंड विकास अधिकारी (BDO) अनुज मिश्र ने विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट साझा की। वहीं, एडीओ पंचायत प्रेमकिशोर यादव, एडीओ आईएसबी भूपेंद्र कुमार सिंह और एडीओ कृषि बृजेश चौधरी ने अपने-अपने विभागों से संबंधित योजनाओं के बारे में ग्रामीणों को जागरूक किया। इस दौरान ‘विकसित भारत’ अभियान के तहत सरकार के आगामी लक्ष्यों पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम में जय सिंह (ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक), पुष्पेंद्र कुमार (अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी), राम जी, रिंकी सेंगर सहित भारी संख्या में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, ग्रामीण और ब्लॉक कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page