
सादाबाद 18 मार्च । थाना सादाबाद पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से चोरी की गई एक मोटरसाइकिल बरामद की है, जिसे उसने करीब डेढ़ माह पूर्व मथुरा जनपद से चोरी किया था।
विधिपुर बम्बा पुलिया के पास से हुई गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के आदेशानुसार जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे संदिग्ध व्यक्ति/वाहन चेकिंग अभियान के तहत यह कार्यवाही की गई। अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी सादाबाद के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह की टीम ने सटीक सूचना पर कार्यवाही करते हुए विधिपुर बम्बा पुलिया से अभियुक्त को दबोच लिया।
मथुरा के टाउनशिप से चोरी की थी बाइक
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान युवराज सिंह पुत्र नेपाल सिंह निवासी ग्राम भरतिया, थाना बलदेव (मथुरा) के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि बरामद एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (रजि. नं. UP 85 BW 8335) उसने लगभग डेढ़ महीने पहले जनपद मथुरा के टाउनशिप क्षेत्र से चोरी की थी।
विधिक कार्यवाही जारी
सादाबाद पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध मु.अ.सं. 105/2026 के तहत धारा 317(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला पंजीकृत किया है। पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल के चेसिस और इंजन नंबर का मिलान कर उसे जब्त कर लिया है। पकड़े गए अभियुक्त के खिलाफ आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है।


























