
हाथरस 17 मार्च । सदर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले से 14 वर्षीय किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। पीड़िता की मां ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी नाबालिग बेटी शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे बिना बताए घर से कहीं चली गई। आरोप है कि जाते समय किशोरी अपने साथ घर में रखे सोने-चांदी के कीमती आभूषण और 50 हजार रुपये की नकदी भी ले गई है। परिजनों ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की तलाश सभी संभावित ठिकानों और रिश्तेदारियों में की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। पीड़िता की मां ने मोहल्ले के ही कुछ नामजद युवकों पर शक जाहिर करते हुए आरोप लगाया है कि वे उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए हैं। तहरीर के अनुसार, किशोरी अपने साथ एक सोने का मंगलसूत्र, एक सोने की अंगूठी, चांदी की कदनी, और चांदी की पायजेब ले गई है। इसके अलावा घर में रखे 50 हजार रुपये नकद भी गायब हैं। सदर कोतवाली पुलिस ने मां की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस का कहना है कि किशोरी की बरामदगी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और नामजद संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।

























