Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ (हसायन) 17 मार्च । विकासखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत अमृतपुर असदपुर में एक गरीब किसान की आवंटित कृषि भूमि पर दबंगों द्वारा पुनः कब्जा करने का मामला गरमा गया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि भू-माफियाओं के खौफ के कारण उनके बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में जान जा चुकी है। अब न्याय न मिलने पर पीड़ित ने कलेक्ट्रेट पर परिवार सहित आत्महत्या करने की चेतावनी दी है। पीड़ित कमल सिंह पुत्र मोहनलाल को करीब 15 वर्ष पूर्व पात्रता के आधार पर गाटा संख्या 530 पर कृषि भूमि आवंटित की गई थी। कुछ समय पूर्व तत्कालीन जिलाधिकारी अर्चना वर्मा ने कड़ा संज्ञान लेते हुए इस जमीन को कब्जा मुक्त कराया था। लेकिन उनके स्थानांतरण के बाद दबंगों ने अपनी गुंडागर्दी के बल पर जमीन पर दोबारा कब्जा कर लिया। पीड़ित का आरोप है कि इसी विवाद के चलते बीते 1 फरवरी 2026 को उनके बेटे ज्ञानेंद्र कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर शव सिकंदराराऊ रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया, जिसकी शिकायत जीआरपी कासगंज में दर्ज है। पीड़ित का कहना है कि वह अत्यंत गरीब है और अब उसके पास जीवन यापन का कोई सहारा नहीं बचा है। राष्ट्रीय हिन्दू साम्राज्य संगठन के प्रदेश महासचिव रमेश कुमार प्रजापति ने इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजा है। उन्होंने मांग की है कि पीड़ित कमल सिंह की जमीन को तत्काल कब्जा मुक्त कराया जाए और कब्जा करने वाले नामजद दबंगों के खिलाफ कठोर विधिक कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शासन-प्रशासन ने सुध नहीं ली, तो पीड़ित परिवार कलेक्ट्रेट पर आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page