Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ (हसायन) 17 मार्च । कोतवाली क्षेत्र के कस्बा से लेकर देहात तक इन दिनों अवैध मिट्टी खनन का काला कारोबार चरम पर है। जिम्मेदार अधिकारियों की कथित मिलीभगत और उदासीनता के कारण खनन माफिया बेखौफ होकर दिन-दहाड़े और रात के अंधेरे में धरती की कोख उजाड़ रहे हैं। बलुई, चिकनी और पीला दोमट मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रालियां और डंपर सड़कों पर काल बनकर दौड़ रहे हैं, जिससे आम जनमानस की जान पर भी खतरा बना हुआ है।क्षेत्र के बरेली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रहे सड़क निर्माण कार्य की आड़ में भी बड़ा खेल चल रहा है। आरोप है कि निर्माण कार्यदायी संस्था पी.एन.सी. की ओट लेकर खनन माफिया डंपरों के माध्यम से अवैध खुदाई कर मिट्टी बेच रहे हैं। शाम ढलते ही सक्रिय होने वाले ये माफिया राजस्व विभाग और खनन विभाग की अनुमति के बिना ही जमीनों को खोखला कर रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारियों को भनक होने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई न होना मिलीभगत की ओर इशारा कर रहा है। खनन में लगे बेलगाम वाहन गलियों और मुख्य सड़कों पर तेज गति से फर्राटा भर रहे हैं। इन वाहनों से गिरती मिट्टी और उड़ती धूल के कारण वातावरण पूरी तरह प्रदूषित हो चुका है। बाजारों और रिहायशी इलाकों में धूल की चादर बिछी रहती है, जिससे लोगों का सांस लेना दूभर हो गया है। साथ ही, इन तेज रफ्तार वाहनों से आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। जिले के उच्चाधिकारियों और जिलाधिकारी के सख्त निर्देशों के बावजूद स्थानीय स्तर पर खनन माफियाओं के हौसले बुलंद हैं। निजी प्लॉटों में मिट्टी की भराई के नाम पर यह अवैध धंधा फल-फूल रहा है। यदि समय रहते इन बाहुबली माफियाओं पर लगाम नहीं लगाई गई, तो क्षेत्र का पर्यावरण और सरकारी राजस्व दोनों को भारी क्षति पहुंचना तय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page