
हाथरस 17 मार्च । स्थानीय बागला जिला संयुक्त चिकित्सालय के समीप खेल मैदान पर मंगलवार से चार दिवसीय (17 से 20 मार्च) जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। पहले दिन जूनियर बालक व बालिका वर्ग की एथलेटिक्स और भारोत्तोलन स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने अपना दमखम दिखाया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला विकास अधिकारी (DDO) श्री पी.एन. यादव ने हरी झंडी दिखाकर किया।
एथलेटिक्स : रिंकू, रूबी और कविता का दबदबा
बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में आयुष वर्मा प्रथम रहे, जबकि 200 और 400 मीटर की दौड़ में रिंकू कुमार ने अपनी गति का लोहा मनवाते हुए स्वर्ण पदक झटका। 800 मीटर में राम उपाध्याय और 3000 मीटर में दिपेन्द्र सिंह अव्वल रहे। गोला और चक्का फेंक में मोहित व अभिषेक ने बाजी मारी।
बालिका वर्ग में रूबी कुमारी ने 100 और 200 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा साबित की। 400 मीटर में राधा और 800 मीटर में कविता बघेल ने जीत दर्ज की। लंबी कूद में राधा ने पहला स्थान पाया, जबकि गोला और चक्का फेंक में शालू शर्मा का दबदबा रहा।
भारोत्तोल : जूनियर वेटलिफ्टर्स ने उठाए भारी वजन
जूनियर बालक भारोत्तोलन में अलग-अलग भार वर्गों में कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। 55 किग्रा में रजनेश, 61 किग्रा में अनुज पचैरी और 73 किग्रा में बलराम विजेता रहे। वहीं भारी वजन श्रेणियों में आर्यन पोनिया (81 किग्रा), प्रिंष पोनिया (89 किग्रा) और मोहित सिंह (102 किग्रा) ने स्वर्ण पदक जीते।
दिन भर चली प्रतियोगिताओं के समापन पर विजेता खिलाड़ियों को जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रीमती सरिता सिंह ने पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया। प्रतियोगिता को सफल बनाने में निर्णायक के रूप में अजयवीर सिंह, सुजी यादव, अंसार हुसैन, वर्षा रानी, सीमा, हरिश सागर, रोहित शर्मा, जुगेन्द्र सिंह आदि का विशेष सहयोग रहा।


























