Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 17 मार्च । श्री रामेश्वरदास अग्रवाल कन्या महाविद्यालय द्वारा छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए दोहरा अभियान चलाया जा रहा है। एक ओर जहाँ महाविद्यालय परिसर में तीन दिवसीय वित्तीय साक्षरता कार्यशाला के माध्यम से छात्राओं को आर्थिक रूप से सुदृढ़ बनाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर एनएसएस (NSS) शिविर के माध्यम से समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया जा रहा है।

निवेश और म्युचुअल फंड के गुर सीखे

राष्ट्रीय प्रतिभूति बाजार संस्थान (NISM) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘युवाओं के लिए वित्तीय साक्षरता’ कार्यशाला के दूसरे दिन मुख्य वक्ता डॉ. अकीलुर्रहमान ने छात्राओं को निवेश की बारीकियां समझाईं। उन्होंने प्राथमिक व द्वितीयक बाजार के अंतर को स्पष्ट करते हुए म्युचुअल फंड को निवेश का बेहतरीन विकल्प बताया। उन्होंने कहा कि सिप (SIP) के जरिए अनुशासित बचत कर भविष्य को सुरक्षित किया जा सकता है। प्राचार्या प्रो. सुषमा यादव ने कहा कि आर्थिक स्वतंत्रता के लिए वित्तीय प्रबंधन अनिवार्य है। इस दौरान डॉ. अमित भार्गव, स्वाती बंसल व समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

योग, स्वच्छता और सुरक्षा की अलख

वहीं, महाविद्यालय की एनएसएस इकाई प्रथम द्वारा ग्राम नगला धन सिंह के जीपीएस इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के दूसरे दिन विविध जागरूकता कार्यक्रम हुए। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ललितेश तिवारी के निर्देशन में ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ के शिक्षक डॉ. सुमित कपूर ने छात्राओं को भस्त्रिका प्राणायाम व फेशियल योग का अभ्यास कराते हुए मानसिक स्वास्थ्य का महत्व समझाया।

ग्रामीणों को किया जागरूक

स्वयंसेविकाओं ने गांव में सघन स्वच्छता अभियान चलाकर श्रमदान किया। ‘सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा’ के नारों के साथ रैली निकाली गई और नुक्कड़ नाटक के जरिए यातायात नियमों के प्रति ग्रामीणों को जागरूक किया गया। इसके अतिरिक्त, अग्नि शमन विभाग के दीपक कुमार ने आग लगने की स्थिति में बचाव के उपायों का लाइव डेमो प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के अंत में स्वयंसेविकाओं को जलपान कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page