Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 16 मार्च । सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर सोमवार को आयरन सुक्रोज सप्ताह का शुभारंभ किया गया। विधायक गुड्डू चौधरी ने फीता काटकर इसका विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर गर्भवती महिलाएं, आशा कार्यकर्ता और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि विधायक गुड्डू चौधरी ने गर्भवती महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि गर्भावस्था के दौरान खून की कमी यानी एनीमिया एक गंभीर समस्या है। यह मां और गर्भ में पल रहे शिशु दोनों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है। उन्होंने बताया कि आयरन सुक्रोज के माध्यम से शरीर में आयरन की कमी को तेजी से पूरा किया जा सकता है, जिससे मातृ मृत्यु दर और शिशु मृत्यु दर में कमी लाने में मदद मिलती है। विधायक ने सभी गर्भवती महिलाओं से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और चिकित्सकों की सलाह के अनुसार आयरन सुक्रोज की खुराक लेने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दानवीर सिंह ने जानकारी दी कि आयरन सुक्रोज सप्ताह के तहत क्षेत्र की चिन्हित गर्भवती महिलाओं की हीमोग्लोबिन जांच की जाएगी। जांच में जिन महिलाओं में खून की कमी पाई जाएगी, उन्हें चिकित्सकीय देखरेख में आयरन सुक्रोज की खुराक दी जाएगी। उन्होंने बताया कि यह पूरी प्रक्रिया प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की निगरानी में सुरक्षित तरीके से की जाएगी।

स्वास्थ्य शिक्षकों ने उपस्थित महिलाओं को संतुलित आहार के महत्व के बारे में भी जागरूक किया। उन्होंने बताया कि हरी पत्तेदार सब्जियां, दाल, गुड़, चना, मूंगफली और अन्य आयरन युक्त खाद्य पदार्थों का नियमित सेवन करने से शरीर में खून की कमी को दूर किया जा सकता है। इसके साथ ही गर्भावस्था के दौरान नियमित टीकाकरण और प्रसव पूर्व जांच (एएनसी) कराने की भी सलाह दी गई। कार्यक्रम के समापन पर कई गर्भवती महिलाओं को प्रतीकात्मक रूप से आयरन सुक्रोज की पहली खुराक दी गई। इस अवसर पर विधायक ने गर्भवती महिलाओं को फल वितरित कर उन्हें स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित किया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने आशा और एएनएम कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक गर्भवती महिलाओं को इस अभियान से जोड़ें, ताकि क्षेत्र को एनीमिया मुक्त बनाने के लक्ष्य को सफल बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page