सिकंदराराऊ (हसायन) 16 मार्च । राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत विकासखंड हसायन के परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा 6, 7 और 8 के छात्र-छात्राओं के लिए एक ज्ञानवर्धक शैक्षिक एवं वैज्ञानिक भ्रमण दल का आयोजन किया गया। इस भ्रमण दल को खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) हसायन लक्ष्मीकांत ने हरी झंडी दिखाकर राजा बलवंत सिंह कृषि महाविद्यालय, बिचपुरी (आगरा) के लिए रवाना किया। भ्रमण के दौरान बच्चों ने आरबीएस कृषि महाविद्यालय के म्यूजियम का अवलोकन किया, जहाँ प्रोफेसर डॉ. योगेश ने जीव-जंतुओं और मनुष्यों के कंकाल तंत्र की विस्तार से जानकारी दी। इसके बाद पशुपालन एवं डेयरी विभाग में प्रोफेसर लक्ष्मण प्रसाद ने बच्चों को वैज्ञानिक लैब में गाय-भैंसों की उन्नत प्रजातियों, उनमें होने वाले रोगों और मृदा परीक्षण की महत्वपूर्ण वैज्ञानिक पद्धतियों से अवगत कराया।
भ्रमण दल ने कृषि विज्ञान केंद्र, बिचपुरी का भी दौरा किया। यहाँ वैज्ञानिक डॉ. पवन ने छात्रों को ‘मल्टी-फार्मिंग’, मछली पालन, मुर्गी पालन और उन्नत कृषि अनुसंधानों की जानकारी दी। साथ ही बीजों को सुरक्षित और संरक्षित रखने की वैज्ञानिक विधियों को भी बच्चों ने बड़े उत्साह के साथ समझा। वैज्ञानिक ज्ञान के साथ-साथ बच्चों ने ऐतिहासिक स्थल ‘अकबर का मकबरा’ (सिकंदरा, आगरा) का भ्रमण किया। प्राचीन वास्तुकला और ऐतिहासिक धरोहरों को देखकर छात्र रोमांचित हो उठे और उन्होंने इतिहास के पन्नों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां अपनी डायरी में नोट कीं। टूर के बाद छात्रों ने एक स्वर में इस शैक्षिक भ्रमण को बेहद सफल और प्रेरक बताया। उन्होंने कहा कि यहाँ सीखी गई वैज्ञानिक जानकारियां और नई विधाएं भविष्य में उनके लिए मील का पत्थर साबित होंगी। इस सफल आयोजन में डॉ. मनोज गौड़, एआरपी भूपेंद्र यादव, जितेंद्र सिंह सहित अन्य शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। बीईओ लक्ष्मीकांत ने कहा कि ऐसे दौरों से बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित होता है, जो उन्हें नवाचार की ओर प्रेरित करता है।


























