सिकंदराराऊ (हसायन) 16 मार्च । एनीमिया मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पर सोमवार को ‘आयरन सुक्रोज सप्ताह’ का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि व पूर्व चेयरमैन सेठ ओमप्रकाश यादव ने फीता काटकर किया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं में खून की कमी (एनीमिया) को दूर कर उन्हें स्वस्थ मातृशक्ति के रूप में तैयार करना है।
स्वस्थ माता ही स्वस्थ राष्ट्र की आधारशिला
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व चेयरमैन सेठ ओमप्रकाश यादव ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में एनीमिया एक बड़ी चुनौती है, जिसे स्वास्थ्य विभाग के इस अभियान के माध्यम से प्रभावी ढंग से नियंत्रित किया जा सकेगा। उन्होंने उपस्थित महिलाओं को लोहे की कड़ाही में भोजन पकाने की सलाह दी ताकि प्राकृतिक रूप से आयरन की कमी को दूर किया जा सके।
गर्भवती महिलाओं को मिली पोषण किट
अभियान के पहले दिन 20 चिन्हित गर्भवती महिलाओं को फल की टोकरी और पोषण किट भेंट की गई। साथ ही उन्हें लोहे की कढ़ाई भी वितरित की गई ताकि वे अपने दैनिक आहार में आयरन की मात्रा बढ़ा सकें। स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष रूप से उन महिलाओं को चिन्हित किया गया जिनका हीमोग्लोबिन स्तर 7 ग्राम से 9.5 ग्राम या उससे कम है। उन्हें चिकित्सकीय देखरेख में आयरन सुक्रोज की सुरक्षित डोज देने की प्रक्रिया शुरू की गई।
नियमित जांच और सावधानी पर जोर
CHC प्रभारी चिकित्साधीक्षक डॉ. अंकुश सिंह ने बताया कि इस सप्ताह के दौरान अस्पताल में आने वाली प्रत्येक गर्भवती महिला के हीमोग्लोबिन स्तर की गहन जांच की जाएगी। स्टाफ नर्स रेखा चाहर ने महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान खान-पान में सावधानी बरतने और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने के प्रति जागरूक किया।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी रवेन्द्र प्रताप सिंह, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक (BPM) निशांत यादव, मनोज कुमार, राहुल शर्मा, विजय शर्मा, दीपेन्द्र सिंह सेंगर, दीक्षा सिंह, दीक्षा आगरा, परिवार कल्याण परामर्शदात्री डिंपल, ममता सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।


























