
हाथरस 16 मार्च । परमार्थ सेवा समिति की कार्यकारिणी की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार, 15 मार्च को बागला कॉलेज रोड स्थित गांधी पार्क कार्यालय (अन्न क्षेत्र) में संपन्न हुई। खजांची रमेश चंद गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में संस्था के भविष्य के सेवा प्रकल्पों और रिक्त पदों को भरने हेतु कई अहम निर्णय लिए गए।
सर्वसम्मति से अध्यक्ष पद का चयन बैठक के दौरान संस्था के पूर्व अध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल के निधन के बाद रिक्त हुए अध्यक्ष पद की पूर्ति का प्रस्ताव रखा गया। खजांची रमेश चंद गुप्ता ने अध्यक्ष पद के लिए पंडित शीलेंद्र कुमार शर्मा के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसका अनुमोदन संजीव आंधीवाल ने किया। उपस्थित सभी पदाधिकारियों व सदस्यों ने करतल ध्वनि के साथ इस प्रस्ताव को सहर्ष स्वीकार किया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने मां अन्नपूर्णा देवी को साक्षी मानकर पद की शपथ ली और विश्वास दिलाया कि वे पूरी निष्ठा व कर्तव्य भावना के साथ समिति के नियमों का पालन करेंगे।
जनसेवा के लिए लगेगा वाटर कूलर भीषण गर्मी के आगामी मौसम को देखते हुए बैठक में राहगीरों के लिए ठंडे पेयजल की व्यवस्था का प्रस्ताव रखा गया। समिति ने निर्णय लिया कि गांधी पार्क क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों की सुविधा हेतु संस्था की ओर से एक नया वाटर कूलर लगाया जाएगा। इसके अतिरिक्त, मनोज अग्रवाल को समिति का आजीवन सदस्य बनाने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया।
पेंशन वितरण व्यवस्था में बदलाव समिति द्वारा दी जाने वाली मासिक पेंशन वितरण व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी व सुदृढ़ बनाने के लिए निर्णय लिया गया कि प्रत्येक माह की 5 तारीख को कार्यकारिणी का एक सदस्य अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेगा। इसके लिए रोस्टर तैयार कर संबंधित सदस्य को फोन के माध्यम से पूर्व सूचित किया जाएगा।
ये रहे उपस्थित बैठक में मुख्य रूप से मंत्री पुरुषोत्तम खंडेलवाल, खजांची रमेश चन्द गुप्ता,उप मंत्री संजीव आंधीवाल, राजीव कौशिक एडवोकेट, मुरारी लाल पचौरी, राज कुमार अग्रवाल, महिपाल सिंह, विकास चन्द अग्रवाल सूत वाले, दिनेश कुमार सरदाना आदि मौजूद रहे सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। बैठक का संचालन पिछली कार्यवाही को पढ़कर सुनाने के साथ शुरू हुआ और नई कार्यकारिणी के संकल्प के साथ संपन्न हुआ।


























