सिकंदराराऊ 15 मार्च । कोतवाली क्षेत्र के नूरपुर गांव में शनिवार को गैस सिलेंडर में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। खाना बनाते समय हुए इस हादसे में एक मासूम बच्चे सहित एक ही परिवार के पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई, वहीं ग्रामीणों और पुलिस की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।
मिली जानकारी के अनुसार गांव नूरपुर निवासी अरविंद के घर में HP Gas का घरेलू गैस सिलेंडर इस्तेमाल किया जा रहा था। शनिवार को जब घर में खाना बनाया जा रहा था, तभी अचानक गैस रिसाव के कारण सिलेंडर ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और घर में अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से परिवार के पांच सदस्य झुलस गए। घायलों में अरविंद, प्रताप, राजू, शशि और लोकेश (मासूम बच्चा) शामिल हैं। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने गैस एजेंसी पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि जिस दिन गैस सिलेंडर घर पहुंचाया गया था, उसी दिन से उसमें गैस रिसाव हो रहा था। इसकी शिकायत एजेंसी के कर्मचारी को कई बार फोन कर दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद कोई कर्मचारी सिलेंडर की जांच करने या उसे बदलने के लिए नहीं पहुंचा। परिजनों का आरोप है कि एजेंसी की इसी लापरवाही के कारण यह बड़ा हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही शिव कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं घटना के बाद गांव में गैस एजेंसी के खिलाफ लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों का कहना है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर लीकेज वाले सिलेंडर देना लोगों की जान से खिलवाड़ है और जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

























