Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ 15 मार्च । कोतवाली क्षेत्र में शनिवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने एक ज्वेलरी की दुकान में चोरी का प्रयास किया, लेकिन बाजार में हलचल बढ़ने के कारण बदमाश वारदात को अंजाम दिए बिना ही मौके से फरार हो गए। घटना से कस्बे के व्यापारियों में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, कस्बे के व्यस्त राठी चौराहे स्थित चौहान ज्वेलर्स पर शनिवार रात करीब 3:30 बजे 3 से 4 अज्ञात युवक पहुंचे। सभी ने टोपी पहन रखी थी और अपने चेहरे ढक रखे थे। बदमाशों ने सबसे पहले दुकान के ऊपर लगे सीसीटीवी कैमरों को निशाना बनाया और उन्हें उखाड़ दिया, ताकि उनकी पहचान रिकॉर्ड न हो सके। इसके बाद उन्होंने दुकान के शटर में लगे तालों को तोड़ने का प्रयास किया। दुकान मालिक विनोद कुमार चौहान, निवासी मोहल्ला नौरंगाबाद, ने बताया कि सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो तालों पर तोड़फोड़ के निशान और दो सीसीटीवी कैमरे गायब मिले। यह देखकर उनके होश उड़ गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के व्यापारियों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस की जांच में सामने आया कि दुकान से कोई सामान चोरी नहीं हुआ, लेकिन बदमाश पूरी तैयारी के साथ वारदात को अंजाम देने आए थे। बताया जा रहा है कि सीसीटीवी रिकॉर्डिंग में कैमरे उखाड़े जाने तक की फुटेज सुरक्षित है, जिसमें 3 से 4 कम उम्र के युवक नजर आ रहे हैं। उनके चेहरे आंशिक रूप से दिखाई देने की भी बात सामने आई है। मामले में सिटी इंचार्ज रामनरेश ने बताया कि घटना के समय वहां तैनात पुलिसकर्मी गश्त पर गए हुए थे। वहीं कोतवाली प्रभारी शिव कुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है, मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों ने बाजार में सुरक्षा व्यवस्था और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page