
हाथरस 14 मार्च । निर्माण कार्य में जुटे पंजीकृत श्रमिकों के लिए एक अच्छी खबर है। उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की ‘कन्या विवाह सहायता योजना’ के तहत श्रमिकों की बेटियों के विवाह के लिए आर्थिक सहयोग प्रदान किया जाएगा। श्रम विभाग ने पात्र लाभार्थियों से 27 मार्च तक आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस योजना के अंतर्गत कुल 1 लाख रुपये का लाभ दिया जाएगा। आवेदन स्वीकृत होने के लगभग 15 दिनों के भीतर लाभार्थी बेटी के बैंक खाते में 85,000 रुपये की आर्थिक सहायता राशि भेजी जाएगी। सामूहिक विवाह समारोह में भोजन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए विभाग द्वारा 15,000 रुपये प्रति बेटी अतिरिक्त खर्च किए जाएंगे। श्रम विभाग का मुख्य उद्देश्य निर्माण श्रमिकों के परिवारों पर बेटियों के विवाह के दौरान पड़ने वाले आर्थिक बोझ को कम करना है। यह योजना श्रमिकों को सम्मानजनक तरीके से बेटियों का विवाह संपन्न कराने में बड़ी राहत प्रदान करेगी।
12 अप्रैल को होगा मंडलीय सामूहिक विवाह
श्रम प्रवर्तन अधिकारी सतेन्द्र मिश्र ने बताया कि जिन लाभार्थियों का चयन होगा, उनके लिए 12 अप्रैल को अलीगढ़ में मंडलीय स्तर पर सामूहिक विवाह समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। उन्होंने निर्माण कार्य से जुड़े सभी आर्थिक रूप से कमजोर श्रमिक परिवारों से अपील की है कि वे इस योजना का लाभ उठाने के लिए निर्धारित समय सीमा यानी 27 मार्च तक अपने आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।
पात्र श्रमिक यहाँ संपर्क करें
इच्छुक और पात्र श्रमिक अपने नजदीकी श्रम विभाग कार्यालय में जाकर या विभागीय पोर्टल के माध्यम से समय रहते आवेदन जमा कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया के बारे में अधिक जानकारी के लिए श्रम कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।




















