Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 14 मार्च । जनपद की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ तथा पुलिसिंग को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस महकमे ने एक बड़ा निर्णय लिया है। सासनी को अब एक स्वतंत्र पुलिस सर्किल बनाने की तैयारी अंतिम चरण में है। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने इस संबंध में विधिवत प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। शासन से स्वीकृति मिलते ही सासनी में क्षेत्राधिकारी (CO) का स्थायी कार्यालय अस्तित्व में आ जाएगा।

क्यों है नए सर्किल की आवश्यकता?

वर्तमान में सासनी एक तहसील होने के बावजूद स्वतंत्र पुलिस सर्किल न होने के कारण यहाँ के मामलों के लिए सदर क्षेत्राधिकारी पर निर्भर रहना पड़ता था। बड़े प्रशासनिक निर्णयों और कानून-व्यवस्था की स्थितियों में समय अधिक लगता था। नया सर्किल बनने से सासनी और जंक्शन क्षेत्र में पुलिस की निगरानी सीधे तौर पर बढ़ेगी और जनता को त्वरित न्याय मिल सकेगा।

दो थानों का बनेगा नया केंद्र

प्रस्तावित नए पुलिस सर्किल में दो थानों को शामिल किया जाएगा। कोतवाली सासनी में 5 पुलिस चौकियां और लगभग 2.5 लाख की आबादी क्षेत्र आता है। वहीं थाना हाथरस जंक्शन में 5 पुलिस चौकियां और लगभग 7 लाख की आबादी क्षेत्र शामिल है। कुल मिलाकर, यह नया सर्किल करीब 9.5 लाख की आबादी की सुरक्षा का जिम्मा संभालेगा।

क्या बोले एसपी?

पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि सासनी तहसील में एसडीएम की तैनाती पहले से है, अब पुलिस सर्किल बन जाने से प्रशासनिक और पुलिस तालमेल बेहतर होगा। नया सर्किल बनने के बाद यहाँ अलग से सीओ कार्यालय, स्टाफ और आवश्यक संसाधनों की तैनाती की जाएगी, जिससे अपराध नियंत्रण, वीआईपी ड्यूटी और जनसमस्याओं के निस्तारण में खासी तेजी आएगी।

जनता को मिलेगा लाभ

स्थानीय लोगों का मानना है कि इस कदम से पुलिस और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित होगा। अपराधों पर अंकुश लगने के साथ ही दूरदराज के क्षेत्रों में पुलिस की पहुंच आसान होगी। क्षेत्र के लोग लंबे समय से इस मांग को उठाते रहे थे, जिसे अब अमलीजामा पहनाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page