Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 14 मार्च । गांव नीति निवास में सचिवालय की चाबी को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर लोहे के बाट और ईंट-पत्थरों से हमला किया गया। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित ने प्रधान पति, उनके पुत्र और चार-पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। गांव नीति निवास तसीगा निवासी अमर सिंह पुत्र बसंत लाल ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उनकी पत्नी पूजा ग्राम पंचायत तसींगा के सचिवालय में पंचायत सहायक के पद पर कार्यरत हैं। अमर सिंह ने प्रधान पति श्यामवीर, उनके पुत्र सूरज और चार-पांच अज्ञात लोगों को नामजद किया है। अमर सिंह ने बताया कि 9 मार्च की सुबह करीब साढ़े दस बजे वह अपनी पत्नी को सचिवालय छोड़ने गए थे। वहां सूरज पुत्र श्यामवीर भी पहुंचा। जब पत्नी ने कमरे की चाबी मांगी, तो सूरज ने अभद्र व्यवहार किया और विरोध करने पर अमर सिंह को जान से मारने की धमकी दी। ग्रामीणों के बीच-बचाव के बाद मामला शांत हुआ था। पीड़ित के अनुसार, 12 मार्च की शाम करीब साढ़े छह बजे अमर सिंह गांव में चंद्रप्रकाश पुत्र रमेशचंद की दुकान पर सामान लेने गए थे। इसी दौरान सूरज अपने साथ चार-पांच अन्य युवकों को लेकर वहां पहुंचा। आरोप है कि सभी ने गाली-गलौज करते हुए लोहे के बाट और ईंट-पत्थरों से अमर सिंह पर हमला कर दिया और उसे जमीन पर गिराकर मारपीट की। शोर सुनकर मौके पर मौजूद चंद्रप्रकाश, नीरज और सोनू ने बीच-बचाव कर अमर सिंह को बचाया। सूचना मिलने पर उनकी पत्नी पूजा भी घटनास्थल पर पहुंचीं। पीड़ित का आरोप है कि इस पूरे हमले की साजिश प्रधान पति श्यामवीर ने अपने बेटे के साथ मिलकर रची और लोगों को भेजकर हमला करवाया। पीड़ित ने बताया कि उनकी पत्नी द्वारा सचिवालय की चाबी अपने पास रखने की शिकायत उच्च अधिकारियों से करने के बाद से ही आरोपी पक्ष उनसे रंजिश मान रहा था। प्रभारी निरीक्षक थाना सादाबाद, विजय सिंह ने बताया कि घायल की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page