सिकंदराराऊ (हसायन) 14 मार्च । जिलाधिकारी अतुल वत्स के ‘जनता समाधान दिवस’ में की गई शिकायत का असर शनिवार को देखने को मिला। हसायन क्षेत्र के गांव नगला मया (ग्राम पंचायत महासिंहपुर) में वर्षों से खेतों पर जाने के लिए चकरोड न होने से परेशान किसान चंद्रपाल सिंह की समस्या का संज्ञान लेते हुए तहसीलदार सोनू बघेल ने मौके पर पहुंचकर न केवल पैमाइश कराई, बल्कि तत्काल चकरोड के निशान लगवाकर कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। किसान चंद्रपाल सिंह ने खेतों तक रास्ता न होने की समस्या को लेकर कई बार स्थानीय अधिकारियों से गुहार लगाई थी और जनसुनवाई पोर्टल पर भी ऑनलाइन शिकायतें की थीं, लेकिन समाधान नहीं हो पा रहा था। थक-हारकर उन्होंने जिलाधिकारी अतुल वत्स के समक्ष अपनी समस्या रखी। शनिवार को समाधान दिवस के बाद तहसीलदार सोनू बघेल सीधे गांव नगला मया पहुँचे और किसान के साथ मौके का मुआयना किया।
तहसीलदार ने तत्काल प्रभाव से क्षेत्रीय लेखपाल को मौके पर बुलाया और चकरोड मार्ग की पैमाइश कराई। लेखपाल ने पैमाइश कर निशान लगाए और उस पर चूना डलवाया। मौके पर मौजूद ग्राम पंचायत की महिला प्रधान के पति हरिओम शंकर (राजा भैया) ने आलू खुदाई के चलते मजदूरों की कमी का हवाला देकर काम में देरी की बात कही। इस पर तहसीलदार सोनू बघेल ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में बहानेबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर ज्यादा दिक्कत है, वहाँ तत्काल जेसीबी मशीन लगवाकर मिट्टी डलवाई जाए ताकि किसानों को आवागमन में सुविधा मिल सके। इस त्वरित कार्रवाई के दौरान खंड विकास अधिकारी अनुज मिश्रा, एडीओ पंचायत प्रेम किशोर यादव, खंड शिक्षा अधिकारी लक्ष्मीकांत, सचिव शिवकुमार शर्मा और क्षेत्रीय लेखपाल उपस्थित रहे। प्रशासन द्वारा की गई इस त्वरित कार्रवाई की ग्रामीणों ने सराहना की है।




















