सिकंदराराऊ (हसायन) 14 मार्च । विकासखंड सिकंदराराऊ के अंतर्गत ग्राम पंचायत हैंथा रघुनाथपुर में लंबे समय से चल रहा विवाद शनिवार को उस समय और गहरा गया जब प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में पंचायत भवन के बंद कमरे का ताला तोड़ा गया। चौंकाने वाली बात यह रही कि कमरे के अंदर से मुख्य कंप्यूटर सिस्टम गायब मिला, जिसके कारण विकास कार्यों का डाटा और ऑनलाइन प्रक्रिया बाधित होने की आशंका है। विदित हो कि ग्राम प्रधान और पंचायत सदस्यों के बीच चल रहे विवाद और विकास कार्यों में अनियमितताओं के चलते गत माह जिला प्रशासन ने प्रधान को पद से निलंबित करते हुए उनके वित्तीय अधिकारों पर रोक लगा दी थी। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पंचायत के संचालन के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया था, लेकिन सामान और कंप्यूटर हैंडओवर न होने के कारण विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े थे। शनिवार दोपहर तहसीलदार सिकंदराराऊ सोनू बघेल, खंड विकास अधिकारी (BDO) अनुज मिश्रा और एडीओ पंचायत प्रेम किशोर यादव भारी पुलिस बल के साथ पंचायत सचिवालय पहुँचे। ग्राम पंचायत सचिव द्वारा ताला न खुलने की दी गई रिपोर्ट के आधार पर कमरे का ताला तोड़ा गया। कमरा खुलने पर मौके से कंप्यूटर सिस्टम नदारद मिला। इसके अलावा ग्राम पंचायत का काफी अन्य सामान भी गायब पाया गया। प्रशासन ने मौके पर मिली प्लास्टिक की कुर्सियों, बाल्टियों और स्टील के कूड़ेदानों को सूचीबद्ध कर संचालन समिति के सुपुर्द कर दिया है।
तहसीलदार सोनू बघेल ने बताया कि सरकारी रिकॉर्ड और कंप्यूटर गायब होने का मामला गंभीर है। इस संबंध में विस्तृत आख्या तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है। कंप्यूटर और अन्य गायब सामान की जिम्मेदारी तय कर संबंधित के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी लक्ष्मीकांत, ग्राम पंचायत सचिव शिवकुमार सहित अन्य विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।




















