
हाथरस 14 मार्च । जनपद के हाथरस जंक्शन थाना क्षेत्र के अंतर्गत देवी नगर के पास शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक चलती ईको गाड़ी अचानक आग का गोला बन गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में गाड़ी चला रहा चालक गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सिलेंडर के कारण भड़की आग
जानकारी के अनुसार, ईको गाड़ी को चालक रामवीर सिंह (55), पुत्र सीताराम, निवासी किशनी (जिला मैनपुरी) चला रहे थे। बताया जा रहा है कि गाड़ी में रखे गैस सिलेंडर के कारण अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि चालक को बाहर निकलने का मौका कम मिला और वह बुरी तरह झुलस गया। घटना के बाद मौके पर राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
स्थानीय लोगों ने बचाई जान
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास किया और झुलसी हुई अवस्था में चालक रामवीर सिंह को गाड़ी से बाहर निकाला। आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
विभाग को नहीं मिली सूचना
हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद फायर ब्रिगेड को समय पर जानकारी नहीं मिल सकी। इस संबंध में फायर सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि फिलहाल उनके संज्ञान में ऐसा कोई मामला नहीं आया है और न ही विभाग को कोई सूचना मिली है। उन्होंने कहा कि मामला संज्ञान में आने के बाद आवश्यक जांच और कार्रवाई की जाएगी।




















