
सासनी 14 मार्च । माध्यमिक शिक्षा विभाग अलीगढ़ मंडल के तत्वावधान में आयोजित “गुरु गौरव कप 2026” क्रिकेट टूर्नामेंट के दूसरे दिन मैदान पर रोमांच की पराकाष्ठा देखने को मिली। मंडल के शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के मध्य खेले गए मुकाबलों में अलीगढ़ और हाथरस की टीमों ने अपने शानदार प्रदर्शन से अगले दौर में जगह बनाई।
अलीगढ़ स्कॉलर्स ने एटा को 5.3 ओवर में रौंदा
टूर्नामेंट का पहला मैच एटा एजुकेटर्स और अलीगढ़ स्कॉलर्स के बीच खेला गया। एटा की टीम टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी, लेकिन अलीगढ़ की घातक गेंदबाजी के सामने पूरी टीम 13.4 ओवर में मात्र 65 रन पर सिमट गई। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी अलीगढ़ स्कॉलर्स की टीम ने तूफानी खेल दिखाते हुए मात्र 5.3 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। अलीगढ़ के सतीश सोलंकी को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।
हाथरस एलाइट की चमक के आगे फीके पड़े कासगंज के टाइटन्स
दूसरा मुकाबला हाथरस एलाइट और कासगंज टीचर्स टाइटन्स के बीच हुआ। हाथरस की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 145 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कासगंज की टीम हाथरस के गेंदबाजों के आगे टिक नहीं सकी और 108 रनों पर ऑल आउट हो गई। इस मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विकास को ‘मैन ऑफ द मैच’ के खिताब से नवाजा गया।
अनुशासन और सहयोग सिखाते हैं खेल: डीआईओएस
मैच के उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) संत प्रकाश ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा, “खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए जरूरी हैं, बल्कि ये शिक्षकों के मध्य आपसी सहयोग, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को भी मजबूत करते हैं।”
प्रमुख उपस्थिति
मैच का विधिवत शुभारंभ विष्णु कुमार शर्मा, संजय उपाध्याय, विद्यालय प्रबंधक विवेक जैन एवं उप-प्रबंधक अंजय कुमार जैन ने किया। के.एल. जैन इंटर कॉलेज, सासनी के प्रधानाचार्य डॉ. दीपक जैन एवं डॉ. वीरेंद्र प्रताप सिंह ने सभी अतिथियों का भव्य स्वागत किया। इस दौरान भारी संख्या में खेल प्रेमी और शिक्षा विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।


























