
हाथरस 14 मार्च । उत्तर प्रदेश सब-इंस्पेक्टर (एसआई) भर्ती परीक्षा आज जनपद के 13 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा और चाक-चौबंद व्यवस्थाओं के बीच शुरू हुई। दो दिनों तक चलने वाली इस परीक्षा के पहले दिन प्रशासन की पैनी नजर रही। सुरक्षा इतनी सख्त थी कि अभ्यर्थियों को सघन तलाशी के बाद ही प्रवेश दिया गया, यहाँ तक कि अभ्यर्थियों के जूते और आभूषण भी केंद्र के बाहर ही उतरवा लिए गए। जनपद में कुल 13,440 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। प्रत्येक पाली में 3,360 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। सुबह की पाली में 3,360 में से 2,490 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 870 ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं दूसरी पाली में 3,360 में से 2,571 अभ्यर्थी शामिल हुए और 789 अनुपस्थित रहे। पहले दिन कुल मिलाकर 1,659 अभ्यर्थी अनुपस्थित दर्ज किए गए।



परीक्षा को शुचितापूर्ण और पारदर्शी बनाने के लिए सभी 13 केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए केंद्रों के आसपास की दुकानों को बंद रखा गया और भारी पुलिस बल तैनात रहा। मुख्य केंद्रों में सी.एल.आर.एन. सेकसरिया, डी.आर.बी., सरस्वती डिग्री कॉलेज, एम.जी. पॉलिटेक्निक, बागला इंटर कॉलेज, सरस्वती इण्टर कॉलेज, सेठ हरचरनदास कन्या इण्टर कॉलेज, सेठ फूलचन्द बागला डिग्री कॉलेज, श्री रामेश्वर दास अग्रवाल कन्या महाविद्यालय, श्री उमेश चंद्र कौशिक आदर्श विद्या निकेतन और श्री रामबाग इण्टर कॉलेज सहित कुल 13 शिक्षण संस्थान शामिल रहे। जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने स्वयं मैदान में उतरकर श्री अक्रूर इंटर कॉलेज और बागला इंटर कॉलेज का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा और सीसीटीवी कंट्रोल रूम का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने केंद्र प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर शिथिलता या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता परीक्षा को पूर्णतः निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराना है, ताकि योग्य अभ्यर्थियों को सही अवसर मिल सके।


























