
हाथरस 14 मार्च । विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार और नैतिक नागरिक बनाने के उद्देश्य से शनिवार को दून पब्लिक स्कूल, हाथरस में ‘वैल्यूज एजुकेशन’ (नैतिक शिक्षा) विषय पर एक दिवसीय सीबीएसई कैपेसिटी बिल्डिंग कार्यशाला का भव्य आयोजन किया गया। सीबीएसई सीईओ नोएडा के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यशाला का नेतृत्व विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं सीबीएसई जिला प्रशिक्षण समन्वयक जे.के. अग्रवाल ने किया।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य जे.के. अग्रवाल और रिसोर्स पर्सनों द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन व मंत्रोच्चारण के साथ किया गया। वेन्यू डायरेक्टर जे.के. अग्रवाल ने मुख्य वक्ताओं का ‘राधे पट्टिका’ एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।
विशेषज्ञों ने दिए व्यक्तित्व निर्माण के मंत्र
कार्यशाला में रिसोर्स पर्सन के रूप में ज्ञानदीप शिक्षा भारती मथुरा की प्रधानाचार्या सुश्री रजनी नौटियाल एवं बाल बिहारी पब्लिक स्कूल, नोएडा की शिक्षिका सुश्री शेउली घोष उपस्थित रहीं। उन्होंने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान दौर में ईमानदारी, सहानुभूति और अनुशासन जैसे मूल्य विषय ज्ञान से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हैं। विभिन्न समूह गतिविधियों और संवाद के माध्यम से बताया गया कि कैसे शिक्षक अपनी कक्षा को मूल्यपरक बना सकते हैं।प्रधानाचार्य जे.के. अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा, “विद्यालय केवल सूचना देने का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कारों की पौधशाला है। यदि शिक्षक स्वयं मूल्यों को अपने आचरण में उतारते हैं, तो विद्यार्थी उनसे स्वतः ही प्रेरित होते हैं।” उन्होंने शिक्षा को अधिक संवेदनशील और रचनात्मक बनाने पर बल दिया।
60 प्रतिभागियों ने लिया प्रशिक्षण
इस कार्यशाला में हाथरस जनपद के दून पब्लिक स्कूल और सीमैक्स इंटरनेशनल स्कूल, सासनी के लगभग 60 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यशाला के अंत में शिक्षिका अनुपमा राघव ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। सभी शिक्षकों ने कार्यशाला में सीखी बातों को अपने शिक्षण कार्य में लागू करने का संकल्प लिया।


























