Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 13 मार्च। कोतवाली मुरसान क्षेत्र के गांव खोदुआ की एक विवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष पर अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उत्पीड़न करने और तीन मासूम बच्चों सहित घर से निकाल देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर महिला थाने में पति समेत कई ससुरालियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार गांव खोदुआ निवासी युवती का विवाह वर्ष 2019 में प्रशांत शर्मा पुत्र विजय शर्मा निवासी ग्राम दिनोपुर कुमा, थाना सेवर, जिला भरतपुर (राजस्थान) के साथ हुआ था। विवाह में लड़की पक्ष ने अपनी हैसियत के अनुसार करीब चार लाख रुपये नगद और घरेलू सामान दिया था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर विवाहिता का उत्पीड़न करने लगे। पीड़िता का कहना है कि उसका पति प्रशांत, ससुर विजय, सास भूरा देवी, देवर मुनेश और योगेश, जेठ जगदीश तथा ननद द्वारा उसे प्रताड़ित किया जाता था और मोटरसाइकिल तथा 50 हजार रुपये की मांग की जाती थी। इस दौरान विवाहिता ने तीन बच्चों—दीक्षा, शैलेन्द्र और पायल—को जन्म दिया, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष का व्यवहार नहीं बदला। पीड़िता के अनुसार जुलाई 2024 में सभी आरोपियों ने आपस में मिलकर उसे बच्चों सहित घर से निकाल दिया और कहा कि जब तक वह अपने मायके से 50 हजार रुपये और एक मोटरसाइकिल नहीं लाएगी, तब तक उसे घर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। पीड़िता का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने उसे धमकी भी दी कि यदि वह बिना दहेज के वापस आई तो उसे जान से मार दिया जाएगा। इसके बाद पीड़िता अपने मायके लौट आई और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। पीड़िता की तहरीर पर महिला थाना पुलिस ने आरोपी पति सहित अन्य नामजद ससुरालीजनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page