
हाथरस 13 मार्च। कोतवाली सदर क्षेत्र में बेटी की शादी तय होने के बाद अतिरिक्त दहेज की मांग का मामला सामने आया है। युवती के पिता ने होने वाले ससुराल पक्ष पर इंजीनियर बेटे का हवाला देकर फॉर्च्यूनर कार और 10 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग करने तथा 30 लाख रुपये ठग लेने का आरोप लगाते हुए नामजदों के खिलाफ कोतवाली सदर में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
गौशाला रोड निवासी संतराज पुत्र रघुवीर सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री की शादी के लिए श्रीप्रसाद पुत्र सोनपाल निवासी नगला रामकिशन, लाइन पार, टूंडला थाना टूंडला जिला फिरोजाबाद से 3 जनवरी 2026 को संपर्क किया था। परस्पर सहमति के बाद 4 जनवरी 2026 को श्रीप्रसाद, उनकी पत्नी नीलम और पुत्र पवन कुमार दोपहर करीब 12 बजे उनके घर लड़की देखने आए। पीड़ित के अनुसार, लड़की देखने के बाद सभी लोग रिश्ता करने के लिए तैयार हो गए और शादी का सामान टूंडला से खरीदने तथा जेवर अपने सुनार से बनवाने की बात कही। इसके बाद खर्च के नाम पर 15 लाख रुपये नगद मध्यस्थ सर्वेश कुमार और प्रवेंद्र कुमार केसरी की मौजूदगी में दे दिए गए। पीड़ित का आरोप है कि 25 जनवरी 2026 को लग्न और सिक्का की तैयारियों के लिए उन्हें फिर टूंडला बुलाया गया, जहां गेस्ट हाउस और कैटरिंग तय कराने के नाम पर 10 लाख रुपये और ले लिए गए। इसके बाद 22 मार्च को रिंग सेरेमनी और 22 अप्रैल को विवाह की तिथि तय कर दी गई।
बताया गया कि 5 मार्च को श्रीप्रसाद का पुत्र पंकज, पुत्रवधू दीपाली और पत्नी नीलम हाथरस आए और गेस्ट हाउस सहित अन्य व्यवस्थाएं देखकर संतुष्ट हो गए। इस दौरान उन्होंने दहेज के नाम पर 5 लाख रुपये और ले लिए। आरोप है कि इसके बाद उन्होंने अपने स्टेटस का हवाला देते हुए शादी से पहले फॉर्च्यूनर कार और 10 लाख रुपये अतिरिक्त दो दिन के भीतर देने की मांग कर दी। उन्होंने कहा कि उनका बेटा एनटीपीसी में इंजीनियर है और उसके लिए एक करोड़ रुपये का रिश्ता आ चुका है। पीड़ित ने इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई और पहले दिए गए पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने गाली-गलौज कर अपमानित किया। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने आपराधिक षड्यंत्र के तहत उससे करीब 30 लाख रुपये ले लिए और अब वापस करने से इंकार कर रहे हैं। कोतवाली सदर पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





















