Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 13 मार्च । जनपद में रसोई गैस सिलेंडरों को लेकर आज उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई गैस एजेंसियों के दफ्तर बंद रहने से बुकिंग और डिलीवरी प्रभावित हुई, जिसके चलते सुबह से ही एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

बताया जा रहा है कि कुछ गैस एजेंसियों के शटर लोगों के पहुंचने से पहले ही गिरा दिए गए थे, जबकि कुछ एजेंसियों पर उपभोक्ताओं को यह कहकर लौटा दिया गया कि सर्वर डाउन होने के कारण ऑनलाइन बुकिंग नहीं हो पा रही है। इस वजह से कई लोगों को गैस सिलेंडर नहीं मिल पाया। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि उनकी बुकिंग पहले ही हो चुकी थी और डिलीवरी का मैसेज भी मिल चुका था, लेकिन इसके बावजूद डिलीवरी बॉय द्वारा सिलेंडर उनके घर तक नहीं पहुंचाया गया। कुछ लोगों ने गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का भी आरोप लगाया। एक उपभोक्ता बाबू ने बताया कि वह सुबह से तीन बार गैस एजेंसी के चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन उन्हें अब तक सिलेंडर नहीं मिल पाया है। वहीं उपभोक्ता रेखा ने बताया कि उन्होंने चार दिन पहले बुकिंग कराई थी, लेकिन कभी सर्वर डाउन तो कभी केवाईसी का बहाना बनाकर उन्हें टाल दिया जाता है। उन्होंने बताया कि उनके घर में गैस सिलेंडर नहीं है, जिससे उन्हें काफी दिक्कत हो रही है। एक अन्य महिला अनीता ने भी बताया कि वह पिछले तीन-चार दिनों से लगातार एजेंसी के चक्कर लगा रही हैं, लेकिन अब तक उन्हें सिलेंडर नहीं मिला है।

डीएम ने अफवाहों से बचने की अपील की

इस मामले में जिलाधिकारी अतुल वत्स ने स्पष्ट किया है कि जनपद हाथरस में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों तथा पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है। उन्होंने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि गैस सिलेंडरों की कमी से संबंधित किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों या अफवाहों पर ध्यान न दें। प्रशासन स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page