
हाथरस 13 मार्च । आज नगर पालिका परिषद बोर्ड बैठक आयोजित की गई, जिसमें बजट बैठक सहित विभिन्न विकास कार्यों से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा की गई। बैठक में नगर पालिका का बजट सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। कुल 1 अरब 89 करोड़ रुपए का बजट प्रस्तावित किया गया। वहीं व्यय का अनुमान 1 अरब 34 रुपये रखा गया है। नगर पालिका प्रशासन के अनुसार बजट पारित होने के बाद शहर में विकास कार्यों को गति देने के लिए विभिन्न योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाएगा। बैठक के दौरान 51 से अधिक प्रस्तावों पर चर्चा की गई, जिनमें से अधिकांश को स्वीकृति प्रदान कर दी गई। इसके अलावा वित्तीय वर्ष 2026-27 में आने वाले प्रमुख त्योहारों और श्री दाऊजी महाराज मेले जैसे आयोजनों पर होने वाले व्यय की वित्तीय स्वीकृति से जुड़े प्रस्तावों पर भी चर्चा की गई। बैठक में सभासदों ने अपने-अपने वार्ड की प्रमुख समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने पेयजल संकट दूर करने, खराब पड़े इंडिया मार्क टू हैंडपंपों को ठीक कराने, शहर में गंदगी और जलभराव की समस्या का समाधान कराने तथा टूटी सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की। बैठक की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता दिवाकर ने की। इस दौरान अधिशासी अधिकारी रोहित सिंह सहित कई सभासद कई अन्य लोग उपस्थित रहे।





















