
हाथरस 13 मार्च। सीएम डैशबोर्ड के अंतर्गत विकास कार्यों में खराब रैंकिंग वाले विभागों की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अतुल वत्स की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को रैंकिंग में अपेक्षित सुधार लाने के लिए प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित विभिन्न विभागीय योजनाओं और विकास कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड शासन की प्राथमिकताओं से जुड़ा एक महत्वपूर्ण प्लेटफॉर्म है, जिसके माध्यम से प्रदेश सरकार विकास कार्यों की नियमित निगरानी करती है। ऐसे में किसी भी विभाग की खराब रैंकिंग जनपद की समग्र प्रगति को प्रभावित करती है। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन विभागों की रैंकिंग अपेक्षाकृत कम है, वे अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा करें और लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराएं। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि डैशबोर्ड पर दर्ज आंकड़ों का समयबद्ध और सही अपडेट सुनिश्चित किया जाए, ताकि योजनाओं की वास्तविक प्रगति स्पष्ट रूप से दिखाई दे सके। साथ ही शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समय से पहुंचाने पर भी जोर दिया। जिलाधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि कार्यों में लापरवाही या अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। साथ ही सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने और निर्धारित लक्ष्यों को समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
























